दिल्ली में अपना घर लेने की सोच रहे हो, लेकिन आसमान छूती प्रॉपर्टी की कीमतें आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। इसी समस्या को देखते हुए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने एक बार फिर से जन साधारण आवास योजना 2025 लॉन्च करने की घोषणा की है। इस योजना का मकसद है आम और मध्यम वर्गीय परिवारों को किफायती दरों पर फ्लैट उपलब्ध कराना।
कब और कैसे होगा रजिस्ट्रेशन?
इस योजना का रजिस्ट्रेशन 11 सितंबर 2025 से शुरू हो रहा है। जो लोग इसमें हिस्सा लेना चाहते हैं, वे डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट (eservices.dda.org.in) पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर ₹2,500 की पंजीकरण फीस तय की गई है। योजना 22 सितंबर 2025 से शुरू होकर 21 दिसंबर 2025 तक चलेगी।
आवेदन का आधार
यह योजना “पहले आओ, पहले पाओ” (First Come, First Serve) के सिद्धांत पर आधारित होगी। आवेदन करते समय आधार कार्ड आवश्यक होगा और परिवार की सालाना आय ₹10 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही, आवेदक की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी जरूरी है।
कितने और कहां मिलेंगे फ्लैट?
योजना के तहत कुल 1172 फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) और जनता श्रेणी दोनों प्रकार के फ्लैट शामिल होंगे।
- नेराला (EWS): 672 फ्लैट, कीमत ₹9.18 लाख से ₹27.86 लाख तक
- लोकनायकपुरम (EWS): 108 फ्लैट, कीमत ₹29.60 लाख से ₹32.62 लाख तक
- रोहिणी (जनता): 97 फ्लैट, कीमत ₹14.59 लाख से ₹18.15 लाख तक
- टिगड़ी (जनता): 3 फ्लैट, कीमत ₹18.02 लाख से ₹18.43 लाख तक
- द्वारका सेक्टर 14 (EWS): 241 फ्लैट, कीमत ₹34.74 लाख से ₹35.32 लाख तक
- द्वारका सेक्टर 19B (EWS): 3 फ्लैट, कीमत ₹26.77 लाख रुपये
- द्वारका मंगलपुरी (EWS): 48 फ्लैट, कीमत ₹32.32 लाख से ₹33.43 लाख तक
फ्लैट लेने पर क्या होगा फायदा?
योजना में शामिल सभी आवेदकों को फ्लैट खरीदने पर ₹50,000 की सब्सिडी दी जाएगी। यह सुविधा केवल उन्हीं आवेदकों को मिलेगी, जिन्होंने समय पर पंजीकरण किया होगा।
जन साधारण आवास योजना की मुख्य बातें
- रजिस्ट्रेशन शुरू: 11 सितंबर 2025
- फ्लैट बुकिंग की शुरुआत: 22 सितंबर 2025
- योजना का समापन: 21 दिसंबर 2025
- आवेदन प्रक्रिया: ऑनलाइन, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर
- सब्सिडी राशि: ₹50,000
- पात्रता: वार्षिक आय ₹10 लाख से कम, न्यूनतम उम्र 18 वर्ष